संगड़ाह। सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले गांव लगनू मे पति के निधन के करीब 15 मिनट बाद 7 जन्म का साथ निभाने का वादा करने वाली उनकी स्वस्थ बताई जा रही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों व संगड़ाह ग्रामीण पंचायत के प्रधान तपेंद्र राणा ने बताया कि, रविवार सांय करीब सवा 6 बजे 82 वर्षीय मांगा राम उर्फ छोटू ने दम तोड़ दिया और उन्हें पानी पिलाने के बाद उनकी 63 साल की पत्नी हर देवी ने चुप्पी साध ली। लगभग साढ़े 6 बजे हरदेवी भी दुनिया छोड़ चली। मांगा राम गत सप्ताह से बीमार थे, जबकि पत्नी स्वस्थ बताई गई। सोमवार को एक साथ गांव के शमशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक जताते हुए बताया कि, 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान मांगा राम को संगड़ाह में भाजपा के चुनाव कार्यालय की देखरेख के लिए बतौर कार्यालय सहप्रभारी रखा गया था। कुछ दिन पहले स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक-मजाक में अपने मरने पर खबर छापने की बात भी कही थी। बहरहाल पति-पत्नी का एक ही दिन में दुनिया से जाना क्षेत्र में चर्चा में है।
