हिमाचल प्रदेश में करवा चौथ के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी का तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने 28 अक्टूबर को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार, करवा चौथ के अवसर पर प्रदेश सरकार के विभागों, बोर्डों, निगमों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस फैसले से सरकारी संस्थानों में कार्यरत महिला और पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी का लाभ मिलेगा।
इससे पहले करवा चौथ पर महिलाओं को अवकाश मिलता था,लेकिन अब जारी अधिसूचना में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यानी इस बार पति-पत्नी को त्योहार मनाने और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। प्रदेश सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत घोषित अवकाश नहीं माना जाएगा।
करवा चौथ पर छुट्टी की अधिसूचना जारी होने के बाद सरकारी कर्मचारियों में ख़ुशी की लहर है। अब गुरुवार को प्रदेश के सरकारी विभागों और शैक्षणिक संस्थानों में नियमित कामकाज के बजाय अवकाश रहेगा।
