ददाहू बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान, विरोध में व्यापारियों ने बंद रखा बाजार, जनता ने प्रशासन के कदम को बताया सही

ददाहू बाजार में प्रशासन द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सोमवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। सुबह से ही बाजार के सभी प्रतिष्ठानों के शटर बंद रहे। वहीं आम जनता ने प्रशासन की कार्रवाई को सही ठहराया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में दुकानों के बाहर लगे टीन-शेड, जालियां, चबूतरे और सामान सड़क तक फैलाए जाने से हर दिन पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। बस अड्डे के पास भी अवैध कब्जों से जाम की स्थिति बनती थी।

स्थानीय नागरिक ने कहा कि फालतू के झंडे, ग्रील और टीन से बाहर निकाले गए अतिक्रमण हटने चाहिए। यहां से बच्चे और बुजुर्ग निकलते हैं, दो गाड़ियां भी क्रॉस नहीं हो पाती।

लोगों ने कहा कि पहले बैठने तक की जगह नहीं मिलती थी, आज अच्छा लग रहा है। यह यातायात और आम लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

दूसरी ओर व्यापार मंडल ददाहू के पदाधिकारी ने बताया कि प्रशासन के साथ उनकी वार्ता हुई है। उन्होंने बताया, प्रशासन ने हमारी बात सुनी है और सहमति बन गई है। हमने आज एक दिन के लिए बाजार बंद रखा है और कल मंगलवार से बाजार सामान्य रूप से खुल जाएगा।