रोहडू-रामपुर के दुर्गम गांवों में रात बिताएंगे सीएम, आज शिमला से रोहडू रवाना होंगे

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और गांवों की हालत खुद देखने के अपने अभियान के तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अगले तीन दिनों में दो दुर्गम गांवों में रात बिताएंगे। रोहडू और रामपुर में एंटी चिट्टा रैलियों को भी सीएम रवाना करेंगे। सीएम गुरुवार को रोहडू रवाना होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। रोहड़ू स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद के बाद मुख्यमंत्री ‘एंटी-चिट्टा रैली’ में शामिल होंगे। इस जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश देंगे। मुख्यमंत्री ‘सरकार गांव के द्वार’ के तहत संदासू में आमजन, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ जनसंवाद करेंगे।

ग्राम भटवाड़ी, ग्राम पंचायत दिऊदी-मायला में मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ संवाद के उपरांत रात्रि प्रवास करेंगे। अगली सुबह लाल बहादुर शास्त्री जयंती का कार्यक्रम भी भटवाड़ी में होगा। दो अक्तूबर को रोहडू से रामपुर सीएम हेलिकाप्टर के माध्यम से जाएंगे। इसी दिन रात को सीएम रामपुर के काशापाट जाएंगे। वह पाट गांव में रात बिताएंगे। तीन अक्तूबर में रामपुर में एंटी चिट्टी रैली को रवाना करने के बाद शाम को शिमला लौट आएंगे।