सिरमौर की बेटी के नेतृत्व में भारत ने जीता गोल्ड


मैट पर तिरंगा लहराया भारत की बेटियों ने एशियन गेम्स में फिर रचा इतिहास। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस स्वर्णिम जीत की कहानी में हिमाचल प्रदेश की बेटियों की भूमिका ने पूरे प्रदेश को गर्व से भर दिया। मुकाबला भारत और ईरान का था…लेकिन मुकाबले की धड़कन हिमाचल के सिरमौर से मंडी व सोलन तक महसूस की जा रही थी। वजह थी भारतीय महिला कबड्डी टीम की वह ताकत, जिसमें हिमाचल की बेटियां देश के लिए स्वर्ण की जंग लड़ रही थी। 2022 में भारत ने गोल्ड जीता था और 2026 में पुष्पा राणा की कप्तानी में एक बार फिर भारत स्वर्णिम हुआ है। साथ ही हिमाचल की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पहाड़ की बेटियां सिर्फ ऊंचाइयों को देखती नहीं हैं वे उन ऊंचाइयों तक पहुंचकर तिरंगा भी लहराती हैं।