नक्सल मुक्त के बाद नशा मुक्त भारत मोदी की गारंटी, नशे का नाश करने के लिए सब बनें सहभागी : जय राम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर आज पंजाब के दौरे पर रहे। इस दौरान वह नंगल, श्री आनंदपुर साहिब और गढ़शंकर में आयोजित नशा विरोधी यात्राओं में शामिल हुए। श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर जय राम ठाकुर ने दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के तप, त्याग और शौर्य की साक्षी रही धरती श्री आनंदपुर साहिब के पवित्र गुरुद्वारे में शीश नवाकर अरदास की, गुरु का आशीर्वाद लिया एवं सभी देशवासियों के मंगल की कामना की। नशा विरोधी यात्रा के दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई की तैयारी है और इस लड़ाई को जनआंदोलन का रूप देकर ही नशे के खिलाफ प्रभावी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने सभी लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त भारत के संकल्प से जुड़कर नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने का आह्वान किया।


जय राम ठाकुर ने कहा कि नशा मुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता हासिल की है, उसी तरह नशे के खिलाफ भी प्रभावी लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2029 तक नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया है और इस संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक देशवासी को अपनी भूमिका निभानी होगी। नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज श्री आनंदपुर साहिब समेत अन्य स्थानों पर आयोजित नशा विरोधी यात्रा में लोगों का उत्साह देखकर स्पष्ट है कि पंजाब की जनता नशे के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। नशा हारेगा और देश जीतेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में नशामुक्त भारत और नशामुक्त पंजाब का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।


पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रदेश सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। पंजाब में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तो युवाओं को नशे से दूर रखने में भी मदद मिलेगी। लेकिन वर्तमान की पंजाब सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है। यह तभी संभव होगा जब पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन वाली सरकार होगी। पंजाब में रोजगार और विकास को गति देने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, जिसमें भगवंत मान की सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि जब वह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो गृह विभाग की बैठक में यह तथ्य सामने आया कि हिमाचल प्रदेश की जेलों में नशे की तस्करी के मामलों में बंद आरोपियों में बड़ी संख्या अन्य राज्यों के लोगों की भी थी। यह स्पष्ट था कि नशे की समस्या किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है और इसके लिए अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वित कार्रवाई आवश्यक है। इसी को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली की सरकारों के साथ मिलकर संयुक्त टीमें गठित कीं। इन संयुक्त प्रयासों का व्यापक प्रभाव देखने को मिला और नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई को मजबूती मिली। सीमावर्ती राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, नशे के तस्करों पर कठोर कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और समाज की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।