खैर के पेड़ों के कटान की अनुमति से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के बदले 22 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार वन विभाग के पट्टा ब्लॉक ऑफिसर (बीओ) सतीश कुमार पर विभागीय कार्रवाई हुई है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बद्दी टीम द्वारा रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद वन विभाग ने सोमवार को उन्हें निलंबित कर दिया।
सतीश कुमार को बीते शुक्रवार पट्टा स्थित वन विभाग के कार्यालय में विजिलेंस टीम ने कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने खैर के पेड़ों के कटान से संबंधित अनुमति और फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में शिकायतकर्ता से 22 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सतीश कुमार को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।
मामले में विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।वहीं, वन विभाग ने भी विजिलेंस की कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर कदम उठाते हुए सतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।