2027 में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार: जयराम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा।


जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों में जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुक्खू सरकार के शासन का मॉडल ‘तालाबंदी’ और राजनीतिक बदले की भावना बनकर रह गया है। चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन विकास के मामले में प्रदेश वहीं खड़ा है, जहां भाजपा सरकार छोड़कर गई थी।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर तंज कसते हुए जयराम ने कहा कि कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने और कुछ विधायक मंत्री बनने की उम्मीद में दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाईकमान से मुलाकात तक का समय नहीं मिल रहा है और लंबे समय से मंत्री बनने का इंतजार कर रहे विधायक निराश हैं।


2027 में भाजपा की सरकार का दावा


जयराम ठाकुर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मंडी जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। कांगड़ा में भी भाजपा के पक्ष में बेहतर माहौल होने का दावा करते हुए उन्होंने कम से कम 12 सीटें जीतने की बात कही। शिमला और हमीरपुर जिला परिषद चुनावों में भाजपा की जीत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है और भाजपा नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों पर भी फर्जी मामले बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया।