हाब्बन के निशांत शर्मा बने एसडीएम अर्बन शिमला

ग्रामीण परिवेश से प्रशासनिक सेवा तक हासिल की बड़ी उपलब्धि

सिरमौर के राजगढ़ की पझौता घाटी के हाब्बन निवासी निशांत शर्मा को एसडीएम अर्बन शिमला नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा अधिकारी निशांत शर्मा ने प्रशासनिक सेवा में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इससे पहले वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्वाचन क्षेत्र नादौन में बतौर एसडीएम सेवाएं दे रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने चौपाल, गोहर, सुजानपुर टीहरा, टूटू और नादौन में खंड विकास अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाईं।

गौर रहे कि निशांत शर्मा का जन्म वर्ष 1989 में राजगढ़ की पझौता घाटी के गांव हाब्बन में हुआ। उनके पिता देशराज शर्मा व्यवसायी हैं, जबकि माता निर्मल शर्मा आदर्श शिक्षिका रही हैं। निशांत शर्मा ने मैट्रिक तक की शिक्षा अपने गांव हाब्बन से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डिग्री कॉलेज सोलन से बीएससी तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन विषय में मास्टर डिग्री हासिल की।

निशांत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, शिमला की सिविल सर्विसेज परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद सबसे पहले चौपाल में बतौर खंड विकास अधिकारी अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपनी मेहनत, लगन और कार्यकुशलता के बल पर उन्होंने प्रशासनिक सेवा में लगातार आगे बढ़ते हुए अब एसडीएम अर्बन शिमला का महत्वपूर्ण दायित्व हासिल किया है।