डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के पांच होनहार वर्तमान एवं पूर्व छात्रों का चयन 2 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के अंतर्गत राष्ट्रपति संवाद कार्यक्रम के लिए हुआ है।
इस दौरान चयनित छात्र भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से सीधे संवाद करेंगे। @चयनित विद्यार्थियों में अभिषेक नेगी, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. सुमन बोध, डॉ. सुदर्शना और डॉ. मोहम्मद हुस्नैन शामिल हैं। इनका चयन भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा किया गया है। ये सभी छात्र नेशनल फेलोशिप फॉर शेड्यूल्ड ट्राइब्स (एनएफएसटी) के लाभार्थी रहे हैं और उच्च शिक्षा, शोध तथा अकादमिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं।
देशभर से करीब 200 प्रतिभाशाली जनजातीय शोधार्थी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। चयनित छात्रों में अभिषेक नेगी वर्तमान में एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट विभाग में पीएचडी कर रहे हैं, जबकि अन्य चारों पूर्व छात्र विभिन्न विषयों में डॉक्टरेट उपाधि प्राप्त कर देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संकाय सदस्य के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.एस. बवेजा ने इसे संस्थान और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी चयनित छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से संवाद का यह अवसर विद्यार्थियों की प्रतिभा और विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।

