हिमाचल प्रदेश विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में नाहन के समीप स्थित एसवीएम स्कूल सुरला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर स्कूल, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय की छात्रा नविका ने 700 में से 680 अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। नविका की इस शानदार उपलब्धि पर शिक्षकों और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया। वहीं लावन्या ने 659 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि आयुष ने 650 अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

