हिमफैड के सराहां पेट्रोल पंप का इंचार्ज सस्पेंड, उपभोक्ताओं से बदसलूकी और लगातार मिल रही शिकायतों पर गिरी गाज


भैया दूज पर सराहां स्थित हिमफैड के पंप में पेट्रोल संकट और उपभोक्ताओं को हुई परेशानी के मामले में प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रबंधन ने पेट्रोल पंप के इंचार्ज गोविंद को निलंबित कर उसका मुख्यालय चंबा कर दिया है। हिमफैड के डायरेक्टर राजीव ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।

राजीव ठाकुर के अनुसार पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली और इंचार्ज के व्यवहार को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। भैया दूज पर उन्होंने स्वयं पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया था। इस दौरान पंप पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं था और इंचार्ज भी मौके से नदारद मिला। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को इंचार्ज को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन उसने आदेश फाड़ दिए और पंप से चला गया।

दरअसल, 10 और 11 नवंबर को भैया दूज के दौरान सराहां का हिमफैड पेट्रोल पंप करीब 24 घंटे तक ड्राई रहा था। इस दौरान डीजल उपलब्ध था, लेकिन पेट्रोल के लिए वाहन चालकों को दूसरे विकल्प तलाशने पड़े। आरोप था कि पेट्रोल का टैंकर पहुंचने के बावजूद इंचार्ज समय पर मौके पर मौजूद नहीं था।

बताया गया कि पंप के ड्राई रहने के बाद जब देर शाम टैंकर पहुंचा तो पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। इसी बीच पेट्रोल लेने पहुंचे लोगों और इंचार्ज के बीच बहसबाजी भी हुई। आरोप है कि इंचार्ज ने वाहन चालकों से दुर्व्यवहार भी किया, जिससे लोग नाराज हुए।

नाहन-कुमारहट्टी हाईवे पर स्थित हिमफैड का यह पेट्रोल पंप करीब 30 किलोमीटर के दायरे में लोगों के लिए महत्वपूर्ण ईंधन केंद्र है। पेट्रोल की बिक्री करीब 24 घंटे प्रभावित रहने से हिमफैड को लगभग 5 लाख रुपये के कारोबार का नुकसान होने का अनुमान है।

लोगों ने उम्मीद जताई कि हिमफैड प्रबंधन पेट्रोल पंप की व्यवस्था में सुधार करेगा और उपभोक्ताओं को भविष्य में ऐसी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।