नौणी यूनिवर्सिटी में वीसी और रजिस्ट्रार के विवाद पर सरकार का बड़ा फैसला, सिद्धार्थ आचार्य हटाए


सोलन की डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी यूनिवर्सिटी नौणी में VC और रजिस्ट्रार के बीच पिछले दिनों सामने आए विवाद के बाद प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सिद्धार्थ आचार्य को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब जिला उद्योग केंद्र सोलन के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार को रजिस्ट्रार का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग की ओर से 30 अक्तूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।


जारी अधिसूचना के अनुसार सिद्धार्थ आचार्य (एचपीएएस-2013) नौणी विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही उनके पास मानव भारती विश्वविद्यालय सोलन के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी था। सरकार ने उन्हें इन दोनों जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। आदेशों के तहत उन्हें आगामी तैनाती के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है।


वहीं, जिला उद्योग केंद्र सोलन के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार (एचपीएएस-2015) को उनके मौजूदा कार्यभार के साथ नौणी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार और मानव भारती विश्वविद्यालय के प्रशासक का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।


गौरतलब है कि नौणी विश्वविद्यालय में पिछले दिनों कुलपति और रजिस्ट्रार के बीच विवाद सामने आया था। इस घटनाक्रम के बाद विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारियों के बीच तालमेल को लेकर भी सवाल उठे थे। अब सरकार की ओर से रजिस्ट्रार को हटाकर उनके स्थान पर दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपे जाने को इस घटनाक्रम के बाद हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।