जयराम बोले, जितना कर्ज मौजूदा सरकार ने लिया, उतना तो पिछली 6 सरकारों ने भी मिलकर नहीं लिया



पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर रविवार देर रात नूरपुर पहुंचे। यहां लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में विधायक रणवीर सिंह निक्का के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज भी मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सत्ता संभालते ही कांग्रेस ने बदले की भावना से भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए संस्थानों को बंद करना शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण के बाद बिना कैबिनेट गठन के ही संस्थानों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थानों को बंद करने से पहले यह समीक्षा तक नहीं की गई कि उन्हें खोलने का निर्णय सही था या नहीं। प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार जिन गारंटियों के सहारे सत्ता में आई थी, वे आज तक पूरी नहीं हुई हैं। अब लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नई गारंटियां देने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस चाहे हर विधानसभा क्षेत्र में जिला बनाने की गारंटी दे दे, जनता आगामी चुनावों में उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने चार वर्षों में जितना कर्ज लिया है, उतना प्रदेश की पिछली छह सरकारों ने मिलकर भी नहीं लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर भाजपा को भारी बहुमत से सत्ता में लाएगी।