शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चुनाव विभाग के कार्यालय पर हमला कर वहां अराजकता मचाना, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और वहां के कर्मचारियों के साथ अभद्रता करना कायराना कृत्य बताया। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के खिलाफ घटिया स्तर की टिप्पणी करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करके और प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके कांग्रेस राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह बहुत शर्मनाक है कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव विभाग के कार्यालय में अराजकता मचाई जाए, मंत्री का पुतला फूंका जाए और चुनाव विभाग के कार्यालय को आग के हवाले किए जाने की धमकी दी जाए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। यह बहुत शर्मनाक घटना है और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
