तीन माह के भीतर सीबीएसई स्कूलों में 2,000 शिक्षकों की होगी नियुक्तिः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सोलन जिले के अर्की में आयोजित राज्य स्तरीय सायर मेले के समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशभर के सीबीएसई स्कूलों में अगले तीन माह के भीतर 2,000 और शिक्षकों की नियुक्ति करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार ने कुछ माह पहले प्रदेश में 150 सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की थी, तो इस निर्णय का विरोध किया गया था। इन स्कूलों में शिक्षकों का चयन पूरी तरह योग्यता के आधार पर और बिना किसी सिफारिश के किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सीबीएसई स्कूल में पांच से आठ शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है तथा शेष पदों को भी शीघ्र भर दिया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी स्कूलों में सीबीएसई शिक्षा काफी महंगी है, जबकि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में भी इसी स्तर की सुविधाएं कम खर्च में उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।


मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में व्यापक सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में 15 से 19 वर्ष पुराने उपकरणों के स्थान पर एम्स, नई दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है तथा जांच सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। चिकित्सकों की भर्ती की जा रही है और अर्की में भी शीघ्र ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए गए आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में 200 चिकित्सकों की भर्ती की है तथा शीघ्र ही 228 और चिकित्सकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में हिमाचल प्रदेश गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।