धौलाकुआं अनाज मंडी को लेकर हिमाचल की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा लगाए गए आरोपों पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने पलटवार किया है। सोलंकी ने कहा कि किसानों के लिए अनाज खरीद केंद्र बंद नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं है।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि वर्तमान में जिस जमीन पर खरीद केंद्र संचालित है, वह कृषि विज्ञान केंद्र की है। इस जमीन को स्थायी रूप से मंडी के लिए देने से कृषि विज्ञान केंद्र के संचालन पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एपीएमसी के माध्यम से आसपास उपयुक्त वैकल्पिक जमीन तलाशने की प्रक्रिया जारी है।
सोलंकी ने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य किसानों को उनकी फसल बेचने के लिए किसी तरह की परेशानी न होने देना है। फसल खरीद का सीजन शुरू होने से पहले उचित स्थान पर खरीद केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की उपज की खरीद व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था समय रहते कर ली जाएगी।
