पीआईबी शिमला के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने आज टेमी चाय बागान एवं कारखाने का दौरा किया और चाय उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल को कच्ची चाय पत्तियों के प्रसंस्करण से लेकर अंतिम उत्पाद तैयार होने तक की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। टेमी चाय देश की एकमात्र प्रमाणित ऑर्गेनिक सरकार- संचालित चाय है। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को चाय उत्पादन, प्रसंस्करण तथा गुणवत्ता नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत के दौरान टेमी टी की प्रबंध निदेशक, सुश्री राधा प्रधान ने गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए संगठन के विस्तार और ब्रांड के विकास की रूपरेखा साझा की।
उन्होंने कहा कि टेमी-टी उभरती उपभोक्ता पसंद, विशेषकर जेन-जी और जेन-अल्फा को ध्यान में रखते हुए नए और नवोन्मेषी उत्पाद विकसित करने की संभावनाएं तलाश रहा है। युवाओं के बीच ब्रांड की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से बोबा-टी तथा रेडी-टू-ड्रिंक प्री-मिक्स ऑर्गेनिक टी जैसे नए उत्पादों पर भी विचार किया जा रहा है।
सुश्री प्रधान ने बताया कि बाजार में व्यापक पहुंच बनाने के लिए एक लचीला फ्रेंचाइजी मॉडल भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने जापान, जर्मनी, संयुक्त राज्य अमेरिका और कोरिया सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में टेमी टी की उपस्थिति बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि इस दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।
उन्होंने आने वाले वर्षों में ऑर्गेनिक चाय के लिए एक विशिष्ट बाजार विकसित करने की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। स्वच्छ और अधिक टिकाऊ उत्पादन की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के तहत अपने उत्पादन ईंधन को एलपीजी में परिवर्तित कर दिया है। मीडिया दल ने नामची जिले में स्थित सिद्धेश्वर धाम का भ्रमण भी किया। इसे चार धाम मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यहां चार धाम और द्वादश ज्योतिर्लिंग के प्रतिरूप बनाए गए हैं। मीडिया दल ने बाइचुंग भूटिया स्टेडियम भी देखा जहां नन्ही फुटबॉल प्रतिभाओं को तराशा जा रहा है ।
