सिरमौर जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा, 17 में से 12 वार्डों में दर्ज की जीत

सिरमौर जिला परिषद चुनाव के परिणाम घोषित होने के साथ ही जिला परिषद पर भारतीय जनता पार्टी का स्पष्ट वर्चस्व स्थापित हो गया है। जिले के 17 जिला परिषद वार्डों में से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने 12 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया है। वहीं कांग्रेस को दो वार्डों में सफलता मिली, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत का परचम लहराया। कई वार्डों में मुकाबला बेहद रोचक रहा और जीत-हार का अंतर कुछ सौ मतों तक सिमट गया।

सबसे बड़ी जीत नौहराधार वार्ड से भाजपा प्रत्याशी हंसराज ने दर्ज की। हंसराज को 9101 मत मिले और उन्होंने कांग्रेस के रामकिशन को 4872 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। दानाघाटों वार्ड से भाजपा की अंकिता ठाकुर ने 3222 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं टटियाना वार्ड से बलवीर सिंह पुंडीर ने कांग्रेस प्रत्याशी को 3162 मतों से हराकर मजबूत जीत दर्ज की।रास्त वार्ड से सुनीता देवी ने 2411 मतों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि शिलाई वार्ड में भाजपा की इंदुबाला ने कांग्रेस की चंद्रकला ठाकुर को मात्र 774 मतों से पराजित किया। सतौन वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी खत्री सिंह ठाकुर ने भाजपा के रजनीश चौहान को 2893 मतों से हराकर कांग्रेस की झोली में एक महत्वपूर्ण सीट डाली।

भगानी वार्ड में सबसे दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला, जहां निर्दलीय प्रत्याशी शिवानी ने 9205 मत प्राप्त कर भाजपा और कांग्रेस दोनों उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया। शिवानी ने भाजपा प्रत्याशी दविंदर कौर को 3557 मतों के अंतर से पराजित किया।जिले की सबसे कांटे की टक्कर करगानू वार्ड में देखने को मिली, जहां कांग्रेस की रितु बाला ने भाजपा की उमा कुमारी को केवल 366 मतों से हराया। वहीं नेरी कोटली वार्ड में भाजपा की सरोज बाला ने निर्दलीय प्रत्याशी नीरज लता पर 407 मतों की बढ़त के साथ जीत दर्ज की।

बनकला वार्ड का मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा, जहां भाजपा की अंकिता शर्मा केवल 261 मतों के अंतर से विजयी रहीं। त्रिलोकपुर से प्रमिला देवी ने 1090 मतों से जीत दर्ज की, जबकि ददाहू वार्ड से भाजपा की शिवानी ने 1609 मतों की बढ़त हासिल की।

सराहां वार्ड में भाजपा के बलदेव सिंह भंडारी ने निर्दलीय अजय शर्मा को 776 मतों से पराजित किया। वहीं लाना भलटा वार्ड में भाजपा के लेखराज बाच्छल ने राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अंकित चावला को 754 मतों से हराया।