हिमाचल में पेट्रोलियम उत्पादों एवं एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें

तेल विपणन कंपनियां (OMCs) के राज्य स्तरीय समन्वयक आई.एल. नेगी ने हिमाचल प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों एवं एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य और पर्याप्त है, विपणन कंपनियां वर्तमान मांग को पूरा करने के लिए सक्षम है।

प्रदेश में मोटर स्पिरिट (MS) और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की स्टॉक स्थिति सामान्य बनी हुई है। OMC डिपो में पर्याप्त मात्रा में भंडारण उपलब्ध है, वहीं पेट्रोल पंपों पर भी निर्बाध बिक्री के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। ऑटोमोटिव ईंधनों की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि  एलपीजी के संदर्भ में भी, बॉटलिंग प्लांट्स पर स्टॉक की स्थिति संतोषजनक है। इन्वेंटरी स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप है तथा समय-समय पर आपूर्ति की पुनःपूर्ति की योजना भी सुनिश्चित की गई है।

OMCs स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने तथा डिलीवरी में तेजी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें, क्योंकि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित रूप से आपूर्ति जारी है। एलपीजी उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध किया जाता है कि वे गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल डिजिटल माध्यमों से करें तथा डिलीवरी के समय DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के माध्यम से प्राप्ति की पुष्टि अवश्य करें। इससे पारदर्शी, सुगम एवं परेशानी मुक्त वितरण सुनिश्चित होगा तथा वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर सेवा मिल सकेगी। जनता का सहयोग हिमाचल प्रदेश में सुचारू एवं प्रभावी वितरण व्यवस्था बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।