शिलाई की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाडी पुष्पा राणा के लिए उठी सरकारी नौकरी की मांग

ग्रामीणों ने SDM के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र की प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा की उपलब्धियों को देखते हुए अब उन्हें उचित सम्मान और सरकारी रोजगार देने की मांग जोर पकड़ने लगी है। शिलाई क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों ने एकत्रित होकर उप जिलाधिकारी (SDM) के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक औपचारिक ज्ञापन प्रेषित किया। मिल्हा गाँव की बेटी पुष्पा राणा ने पिछले एक दशक में देश को 20 से अधिक स्वर्ण पदक दिलाकर गौरवान्वित किया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पुरजोर अपील की है कि पुष्पा राणा की ऐतिहासिक उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें खेल कोटे के अंतर्गत ‘प्रथम श्रेणी’ (Class-I) सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।