आईईसी विश्वविद्यालय द्वारा ‘5वीं बीबीएन बाइक राइड’ का भव्य आयोजन

अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय ने हिमाचल प्रदेश राज्य स्थापना दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर ‘5वीं बीबीएन बाइक राइड’ का भव्य आयोजन किया। दो दिवसीय इस बाइक रैली का आयोजन 25 जनवरी को दिल्ली से आईईसी विश्वविद्यालय तक तथा अगले दिन 26 जनवरी को आईईसी विश्वविद्यालय से बद्दी होते हुए वापस दिल्ली तक, पूरे सुरक्षा इंतजामों के बीच हुआ। इस वर्ष का आयोजन “नशे को कहो ना” थीम पर केंद्रित था, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशा विरोधी अभियान से जोड़ना था।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. अशोक पुरी ने सभी के साथ मिलकर विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इसके उपरांत बद्दी के एसपी विनोद धीमान (आईपीएस) और एडिशनल एसपी अशोक वर्मा ने आईईसी विश्वविद्यालय परिसर में पौधा-रोपण कर नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर कुलपति डॉ. अशोक पुरी ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बद्दी पुलिस का इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद किया।

इस मेगा इवेंट में दिल्ली के प्रसिद्ध डी आर ई आर (दिल्ली रॉयल एनफील्ड राइडर्स) बाइकर्स ग्रुप के सदस्यों के साथ आईईसी विश्वविद्यालय के छात्रों और प्राध्यापकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आईईसी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति अभियान पर आधारित नुकड़ नाटक, एनसीसी परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, और कई प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।